खुला रह गया जौड़ा फाटक, इस दौरान गुजरती ट्रेन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के अमृतसर जोड़ा फाटक रेलवे ट्रैक अकसर चर्चा में रहता है। बुधवार की देर सायं एक बार यह जोड़ा फाटक खुला रह गया और दोनों लाइनों (ट्रेक) पर गाड़ियां पहुंच गई। गनीमत रही कि दोनों गाड़ियों के चालकों ने दूर से ही रेल ट्रेक पर भीड़ देखने के बाद गाड़ियों की स्पीड कम कर दी और एक बड़ा हादसा टल गया। यह वही जोड़ा रेल फाटक है जहां दशहरा पर्व की रात 19 अक्तूबर 2018 को अचानक दोनों लाइनों पर गाड़ियां आ जाने से 59 लोगों की मौत हो गई थी और 150 से ज्यादा लोग जख्मी भी हुए थे।
जानकारी मुताबिक जोड़ा फाटक पर रेलवे लाइनों के नीचे बनाई पुलिया से लोगों के आने-जाने का रास्ता बनाया गया है। मगर बारिश के चलते वहां पानी भरा होने के चलते लोग पुलिया के नीचे से न जाकर जोड़ा फाटक को प्रयोग करते हैं। जिसके चलते वहां अकसर ट्रैफिक जाम रहता है और दोपहिया वाहन चालकों को ही नहीं बल्कि वहां से पैदल निकलने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
आज देर सायं भी जोड़ा फाटक रेल लाइनों पर ट्रैफिक जाम लगा था और रेल लाइनों के दोनों तरफ कारों व अन्य वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें भी लगी हुई थी। इस दौरान अमृतसर-पठानकोट रेलवे लाइन पर टाटा मुरी और अमृतसर-दिल्ली ट्रेक पर गोल्डन टेंपल गाड़ी आ गई।
चूंकि दोनों रेलवे लाइनों पर ट्रैफिक जाम था और लोगों का वहां से अचानक निकलना भी आसान नहीं था। इस दौरान ही जोड़ा फाटक स्थित दोनों रेलवे लाइनों पर आई गाड़ियों के चालकों ने भीड़ देख कर गाड़ी की स्पीड धीमी कर दी और इस तरह आज एक बार फिर वहां बड़ा हादसा होने से टल गया।
26 सितंबर 2021 को भी खुले फाटक से निकल गई थी गाड़ी
जोड़ा फाटक रेलवे लाइनों पर पिछले साल 26 सितंबर 2021 को भी यह फाटक खुला रह गया और गेटमेन सोता रह गया। उस दिन रविवार वाला दिन था। सुबह जालंधर की तरफ से एक गाड़ी जालंधर की ओर से इधर आ गई, लेकिन फाटक बंद नहीं हुआ। इस पर वहां से निकल रहे लोगों ने गेटमेन को जगाया। तब पहले गेटमेन ने कहा कि ट्रेन नहीं आएगी, लेकिन जब गाड़ी के चालक ने हार्न बजाया तो आनन-फानन में गेटमेन ने फाटक बंद किया। वहां मौजूद एक युवक ने तो इसकी वीडियो भी बना दी थी।