संवाद न्यूज एजेंसीअमृतसर। बाॅर्डर सिक्योरिटी फोर्स ने बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में सीमांत गांव मुहावा और राजाताल से दो ड्रोन बरामद किए हैं। बीएसएफ ने राजाताल गांव से ड्रोन के साथ सवा तीन किलो हेरोइन भी बरामद की है। बल के अधिकारियों ने दोनों मामलों में बरामद दोनों ड्रोन और सवा तीन किलो हेरोइन को पुलिस के हवाले कर दी है।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक बल की टुकड़ी बुधवार को शाम राजाताल गांव इलाके में पंजाब पुलिस के साथ गश्त कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि गांव के बाहर स्थित धान के एक खेत में ड्रोन गिरा पड़ा है। बीएसएफ ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम करीब सवा चार बजे खेत से एक क्षतिग्रस्त ड्रोन और उसके साथ पीले रंग के तीन पैकेट बरामद किए। जिनमें 3 किलो 242 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि इससे पहले बुधवार को सुबह सीमांत गांव मुहावा में बीएसएफ और पुलिस के जवान गश्त कर रहे थे। जवानों को गांव के पास ड्रोन होने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद बीएसएफ ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर गांव में सर्च अभियान शुरू किया। इस बीच सुबह 10:30 बजे गांव के बाहर स्थित धान के एक खेत से चीन निर्मित (मॉडल-डीजेआई मेविक-3 क्लासिक) ड्रोन बरामद हुआ।