अमृतसर। पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह ने वीरवार की सायं को अमृतसर बस स्टैंड पर मरणव्रत पर बैठे मिनी बस आपरेटर एसोसिएशन के प्रधान सहित चार लोगों को जूस पिला कर मरणव्रत खत्म करवाया। मिनी बस आपरेटरों की मांगों को लेकर एसोसिएशन प्रधान बलदेव सिंह, उपप्रधान गुरदेव सिंह कोहाला, सतनाम सिंह शेखों, हरपिंदरपाल सिंह गग्गोमाहल ने आज सुबह मरणव्रत पर बैठ गए थे।
एसोसिएशन प्रधान बलदेव सिंह ने बताया कि बुधवार को वे लोग पंजाब के ट्रांसपोर्ट के मंत्री से मिलने गए, लेकिन उन्हें एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर में भेजा गया। उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने बताया कि पूर्व की सरकारों की नीतियों के चलते मिनी बस आपरेटर बेरोजगार होने के कगार पर पहुंच गए हैं। मिनी बस आपरेटर एसोसिएशन के प्रधान, उपप्रधान सहित चार बस आपरेटरों द्वारा बस स्टैंड पर मरणव्रत शुरू किए जाने की सूचना पर ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह देर सायं अमृतसर पहुंच गए। मंत्री ने मरणव्रत पर बैठे प्रधान सहित अन्य तीनों बस आपरेटरों को जूस पिलाकर मरणव्रत खुलवाया।