अमृतसर में उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि 14 नवंबर को जारी की जाने वाली पंजाब की व्यापार नीति पर्यटन उद्योग को उत्साहित करेगी।
इससे पंजाब के ऐतिहासिक शहरों में आने वाले सैलानियों और पर्यटन उद्योग से जुड़े कारोबारियों को लाभ मिलेगा। सुखबीर सोमवार को अमृतसर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। वह पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ परिवार द्वारा रखवाए गए श्री अंखड पाठ साहिब के भोग में शामिल होने आए थे।
कांग्रेस प्रधान प्रताप सिंह बाजवा के शामलात जमीन घोटाले के संबंध में पूछे जाने पर सुखबीर ने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा पड़ताल की जा रही है और सभी पक्षों की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली विधानसभा चुनावों की बात पर उन्होंने कहा कि हम वहां चार सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं और आजकल उम्मीदवारों के नाम घोषित कर देंगे। राजस्थान में शिअद भारतीय जनता पार्टी की हिमायत करेगा।
अमृतसर की लोकसभा सीट पर कहा कि इस बारे में पार्टी स्तर पर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने श्री दरबार साहिब के समक्ष बन रहे प्लाजा के निर्माण का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि इस प्लाजे की धरातली मंजिल दो महीनों तक श्रद्धालुओं के लिए खोल दी जाए।