संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर ने काउंटर इंटेलिजेंस पठानकोट के साथ संयुक्त अभियान में एक गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर तीन शार्प शूटर गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों से 30 बोर की दो स्टार मार्क पिस्तौल और 15 कारतूस बरामद हुए हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी आर्मेनिया में बैठे कुख्यात गैंगस्टर राजा हरूवाल के इशारे पर काम कर रहे थे। राजा हरूवाल ही गिरोह तक हथियारों की सप्लाई करवाता था। यह मॉड्यूल पंजाब के विभिन्न जिलों में हथियारों की सप्लाई कर रहा था। साथ ही रंगदारी वसूलने के लिए कई टारगेट की रेकी करने में भी शामिल था। डीजीपी ने बताया कि तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ बटाला, गुरदासपुर और अमृतसर में अपहरण, जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने के कई मामले दर्ज हैं। एसएसओसी अमृतसर में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।