संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कमेटी ऑल इंडिया के सेवादार सिंहों का एक जत्था मजीठा स्थित गुरुद्वारा बोहरवाला पहुंचा और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की रस्मों के पालन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सेवा रस्मों के अनुसार नहीं की जा रही थी। स्वष्प के बाहरी हिस्सों पर कलम से लिखा हुआ पाया गया, जिसे कागज से ढका गया था।
इस गुरुद्वारे में पिछले काफी समय से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सेवा की जा रही थी और मौजूदा समय में बीबी आज्ञा कौर सेवा निभा रही थीं, लेकिन रस्मों में कई कमियां पाई गईं। सत्कार कमेटी ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य जोध सिंह समरा और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में रस्मों के अनुसार गुरुद्वारा मजीठा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के दो स्वरूपों की विधिवत स्थापना की गई। सत्कार कमेटी के सेवादारों ने स्पष्ट किया कि श्री अकाल तख्त साहिब की आज्ञा के बिना गुरुद्वारा बोहरवाला में दोबारा सरूप प्रकाश नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति या समूह नियमों का उल्लंघन करता है, तो वह जिम्मेदार होगा।
सेवादारों ने कहा कि इस गुरुद्वारे की सेवा लंबे समय से एक परिवार द्वारा संभाली जा रही थी, लेकिन नियमों के पालन में कमियां पाई गईं। इस अवसर पर सत्कार कमेटी के सेवादार बलबीर सिंह, सुखदेव सिंह, सुखविंदर सिंह, अवतार सिंह, निशान सिंह, मनप्रीत सिंह, रेशम सिंह, शाम सिंह, राम सिंह, गुरदीप सिंह व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।