डीसी ऑफिस कर्मचारी यूनियन की 24 मई से चल रही हड़ताल सोमवार को भी जारी रहेगी। इस दौरान 31 मई को भी सभी कर्मचारी छुट्टी पर रहेंगे। लेकिन कोविड से जुड़ी सभी ड्यूटियां करते रहेंगे। रविवार को यह फैसला डीसी आफिस यूनियन के पंजाब प्रधान गुरनाम सिंह विर्क की अध्यक्षता में हुई जूम मीटिंग के दौरान लिया गया।
डीसी ऑफिस के जिला महासचिव अश्नील कुमार ने बताया कि पिछले दिनों कर्मचारियों की ओर से सामूहिक छुट्टी लेकर हड़ताल पर जाने का पंजाब सरकार और प्रदेश के माल विभाग पर कोई असर नहीं दिखा है। उन्होंने बताया कि 31 मई को जिला स्तर और तहसील स्तर पर यूनियन के पदाधिकारियों की ओर से सभी कर्मचारी साथियों को साथ लेकर कोविड-19 की हिदायतों की पालना करते हुए गेट रैलियां निकाली जाएंगी। साथ ही पंजाब सरकार की पोल खोल के बैनर और फ्लैक्स तैयार करवाकर तहसील कांप्लेक्स, जिला प्रबंधकीय कांपलेक्स और पब्लिक जगहों पर लगाए जाएंगे। अश्नील कुमार ने बताया कि एक जून 2021 को बाद दोपहर 2 बजे ऑनलाइन मीटिंग करके स्थिति को रिव्यू किया जाएगा। जिसमें पंजाब सरकार की ओर से कर्मचारियों की सुनवाई नहीं होने के विरोध में कोरोना का काम बंद कर मोटरसाइकिलों पर रोष मार्च निकाला जाएगा।