गुरदासपुर। घर से भागकर शुक्रवार को गुरदासपुर कचहरी में शादी पंजीकरण के लिए आए लड़के और लड़की को लड़की के पारिवारिक सदस्यों व रिश्तेदारों ने कचहरी के मेन गेट से रिवाल्वर दिखाकर जबरदस्ती गाड़ी में डाल अपहरण कर लिया। उधर घटना के करीब आधे घंटे बाद थाना सिटी पुलिस को सूचना मिली, तब तक अपहरणकर्ताओं की गाड़ियां जिले से बाहर जा चुकी थी। इसके बाद थाना सिटी पुलिस द्वारा राज्य के सभी पुलिस नाकों पर अपहरणकर्ताओं की दोनों गाड़ियों के नंबर वायरलेस कर दिए गए। जीरा पुलिस नाके से एक गाड़ी को काबू कर लिया गया, जिसमें से लड़की और लड़के को बरामद करने के साथ गाड़ी में सवार छह आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दूसरी गाड़ी में सवार चार लोग गाड़ी छोड़ मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
जीरा पुलिस ने आरोपियों को थाना सिटी पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं गाड़ी ब्रीजा और दूसरी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी, एक 32 बोर रिवाल्वर और छह कारतूस बरामद किए गए हैं। थाना सिटी में तैनात एसआई ओंकार सिंह ने बताया कि गगनदीप सिंह निवासी गांव कालवा जिला फिरोजपुर की लड़की अनीता रानी निवासी नूरपुर सेठा जिला फिरोजपुर के साथ प्रेम विवाह किया है। वे 28 मई को गुरदासपुर की जिला कचहरी में शादी पंजीकरण के लिए आ रहे थे। कचहरी के मेन गेट पर सुबह 11 बजे के करीब वहां पहले से ब्रीजा गाड़ी लगाकर खड़े लड़की के पिता मिल्ख राज निवाली नूरपुर, राज कुमार, लक्खा सिंह, जगसीर सिंह, सुरिंदर सिंह, बलविंदर सिंह, अज्जू निवासी मुदकी, बलबीर सिंह, बलविंदर सिंह निवासी मोहल्ला चाह पार्सिया फिरोजपुर, लाडी निवासी फिरोजपुर ने लड़के गगनदीप और लड़की अनीता को रिवाल्वर तान जबरदस्ती गाड़ी में ब्रीजा में बिठा लिया।
इस संबंधी थाना सिटी पुलिस को करीब आधे घंटे बाद लड़के और लड़की के साथ आए दो युवकों ने सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने पंजाब के सभी नाकों पर अपहरणकर्ताओं की दोनों गाड़ियों के नंबर वायरलेस कर दिए। अपहरणकर्ताओं की दोनों गाड़ियों को जीरा पुलिस नाके पर रोक काबू कर लिया गया। लड़की और लड़के को बरामद करने के साथ ही लड़की के पिता, भाई, रिश्तेदार लक्खा सिंह, जगसीर सिंह, बलबीर सिंह, सुरिंदर सिंह को काबू कर लिया है। जबकि इनकी दोनों गाड़ियां और 32 बोर रिवाल्वर तथा छह कारतूस भी बरामद किए हैं। वहीं चार लोग पुलिस नाके से गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गए हैं। जीरा पुलिस द्वारा उक्त छह आरोपियों को थाना सिटी पुलिस गुरदासपुर को सौंप दिया है। इनके खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया गया है।