बस में 32 यात्री थे, तीन की मौत, 18 घायलों में से 11 को अमृतसर रेफर किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बटाला। बटाला के गांव शाहबाद में सोमवार की शाम को दिल दहला देने वाले सड़क हादसे से पूरा शहर कांप उठा। करीब तीन बजे बटाला से निकली एक निजी बस गांव शाहबाद के पास एक स्कूटी सवार को बचाते-बचाते खुद गांव शाहबाद के एक बस स्टॉप से जा टकराई। तेज रफ्तार बस शेड को चीरते हुए आगे निकल गई।
इस हादसे में अपने पिता की स्कूटी की पिछली सीट पर एक 14 साल के किशोर, बस सवार एक महिला और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में अभी तक कुल 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 18 घायल हैं। इन 18 में से 11 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए बटाला के सिविल अस्पताल में शवों को भेज दिया है। सूचना मिलते ही बटाला से आप के विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी, प्रताप सिंह बाजवा, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा और एसएसपी बटाला सुहेल कासिम मीर पहुंचे।
मृतकों की पहचान अभिजोत (14) निवासी संगतपुरा, बस सवार मनजीत राज (25) निवासी जिला होशियारपुर और बलविंदर कौर (40) निवासी गांव नंगल झोर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार एक निजी बस जो बटाला से सोमवार की शाम को चली, इस बस ने बटाला से चलकर कादियां, घुमान, श्री हरगोबिंदपुर से होते हुए मोहाली जाना था। रास्ते में करीब साढ़े तीन बजे के करीब जब बस गांव शाहबाद पहुंची तो सड़क पार कर रहे एक स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में बस सीधा गांव के अड्डे पर स्थित एक बस स्टॉप में जा घुसी और स्टॉप को चीरते हुए आगे निकल गई। आगे जब बस रुकी तो बस पूरी से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और बस में कोलाहल मचा हुआ था।
जानकारी के अनुसार मृतक मनजीत राज जो जिला होशियारपुर का रहने वाला था और अपनी पत्नी के साथ बटाला में अपने ससुराल आया हुआ था और वापस अपने घर जा रहा था। वहीं, 14 वर्षीय मृतक अभिजोत अपना पिता की स्कूटी के पीछे बैठकर पास ही के गांव जा रहा था।
प्रशासन की तरफ से राहत कार्य जारी : एसएसपी
इस संबंध में एसएसपी सुहेल कासिम मीर ने बताया कि बस में कुल 32 यात्री थे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देख रही है ताकि इस बात का पता चल सके कि वास्तव में दुर्घटना कैसे हुई थी। प्रशासन की तरफ से राहत कार्य जारी है।