धामी बोले- सरकार एसजीपीसी के आम चुनाव में वोट बनाने के गंभीर नहीं
धामी के नेतृत्व में एसजीपीसी कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए अहम फैसले
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बंदी सिंहों की रिहाई के लिए एसजीपीसी ने चंडीगढ़ में सिख विद्वानों और वरिष्ठ वकीलों के साथ विशेष बैठक करने का निर्णय लिया है। यह बैठक 25 नवंबर को होगी। सोमवार को एसजीपीसी की कार्यकारिणी कमेटी की हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में लिए फैसलों संबंधी एसजीपीसी के अध्यक्ष हरजिंदर धामी ने कहा कि बंदी सिहों के मामले में सरकार की ओर से सिख कैदियों के प्रति किए जा रहे अन्याय और मानवाधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ एसजीपीसी हर स्तर पर आवाज उठा रही है। हाल ही में एसजीपीसी के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात की थी। अब अगली रणनीति के तहत 25 नवंबर 2023 को चंडीगढ़ में सिख विद्वानों और वरिष्ठ वकीलों के साथ बैठक होने जा रही है। वहीं एसजीपीसी का प्रतिनिधिमंडल जल्द पटियाला जेल में बंद बलवंत राजोआणा से मिलने जाएगा।
धामी ने कहा कि सरकार एसजीपीसी के आम चुनाव में वोट बनाने को लेकर गंभीर नहीं है, इस कारण अब तक बहुत कम वोट बने हैं। कार्यकारिणी की बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर गुरुद्वारा चुनाव के मुख्य आयुक्त से अनुरोध किया गया कि वे अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए मतदान अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करें, ताकि वे लोगों को परेशानी न पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों का वोट बनाए।
मांस और मदिरा पार्टी पर जताया विरोध
धामी ने गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब पाकिस्तान के पास आयोजित मांस और मदिरा पार्टी का विरोध किया है। गुरु घर के पास सिख भावनाओं के खिलाफ कोई भी कार्यक्रम आयोजित करना ठीक नहीं है। इस संबंध में एसजीपीसी भारत के विदेश मंत्री और पाकिस्तान सरकार से संबंधित मंत्रालय और ओकाफ बोर्ड को पत्र लिख रही है।
एक्स के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई
कार्यकारिणी कमेटी ने विशेष प्रस्ताव पारित कर सोशल मीडिया पर सिख संगठनों के खिलाफ किए जा रहे नफरत भरे प्रचार की भी कड़ी निंदा की है। धामी के मुताबिक, इस प्रस्ताव के जरिये शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नाम पर बनाए गए फर्जी पैरोडी अकाउंट को लेकर एक्स (ट्विटर) पर कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया गया है। धामी ने कहा कि इस फर्जी अकाउंट के जरिये एसजीपीसी की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और इसकी शिकायत के बावजूद एक्स (ट्विटर) ने अकाउंट बंद नहीं किया है, बल्कि अपनी नीति के तहत इसे उचित ठहराया है। अब इस फर्जी अकाउंट और एक्स (ट्विटर) के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
कार्यकारिणी की बैठक में गुरुद्वारा साहिबों, ट्रस्टों और शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बैठक में एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी सहित वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरभजन सिंह मसाना, जूनियर उपाध्यक्ष गुरबख्श सिंह खालसा, महासचिव भाई राजिंदर सिंह मेहता, कमेटी सदस्य मोहन सिंह बंगी, रघबीर सिंह सहारनमाजरा, जसमेर सिंह लाछरू, खुशविंदर सिंह भाटिया, बीबी हरदीप कौर , इंद्रमोहन सिंह लखमीरवाला, गुरप्रीत सिंह झब्बर, बीबी मलकीत कौर कमालपुर, अमरजीत सिंह बलियापुर, बीबी जसपाल कौर, जसवंत सिंह , सचिव प्रताप सिंह, ओएसडी सतबीर सिंह धामी,उप सचिव कुलविंदर सिंह रामदास आदि शामिल थे।