सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में गत दिवस हुई बेअदबी की घटना के पश्चाताप के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने रविवार को श्री अखंड पाठ साहिब शुरू करवाया। गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हाल में श्री अखंड पाठ साहिब की शुरुआत के मौके पर एसजीपीसी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी समेत प्रमुख शख्सियत मौजूद रहीं।
एसजीपीसी के प्रधान धामी ने इस दौरान बातचीत में कहा कि पूरी मानवता के अध्यात्मिक केंद्र सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में शनिवार शाम के घटनाक्रम ने पूरे सिख जगत को गहरी मानसिक पीड़ा दी है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे क्या कारण है, इसका पता सरकार लगाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी घटनाएं नहीं रोकी गईं तो राज्य का माहौल खराब होने की जिम्मेदारी सरकारों की होगी।
उन्होंने कपूरथला जिला के गांव निजामपुर में गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी करने के प्रयास की निंदा की और संगतों को सचेत किया कि वे खुद अपने गुरुद्वारा साहिबान के अंदर हर समय हाजरी यकीनी बनाएं। एडवोकेट धामी ने बताया कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में हुई घटना की जांच की जा रही है।
एसजीपीसी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है जिससे पता चल सके कि शनिवार की शाम सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के अंदर बेअदबी का प्रयास करने वाला दोषी कब और किस प्रवेश द्वार से अंदर आया और उसके साथ और कौन था। उन्होंने बेअदबी करने आए व्यक्ति को पकड़ने वाली संगत और एसजीपीसी कर्मचारियों की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि स्टाफ की जागरुकता के चलते ही घटना को अंजाम देने से पहले रोका जा सका।
उन्होंने सौदर (रहरास) का पाठ कर रहे सिंह साहिब ज्ञानी बलजीत सिंह का खास तौर पर जिक्र करते हुए कहा कि इस कठिन समय में मर्यादा भंग नहीं होने दी और पाठ जारी रहा। इस मौके पर एक्टिंग कमेटी के सदस्य हरजाप सिंह सुल्तानविंड, सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता, सुरजीत सिंह भिट्टेवड्ड, एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका, भाई गुरचरण सिंहग्रेवाल, भाई मनजीत सिंह भूराकोहना, गुरबख्श सिंह खालसा, भाई अजायब सिंह अभियासी, सचिव महिंदर सिंह आहली, सुखदेव सिंह भूराकोहना, श्री हरमंदिर साहिब के मैनेजर गुरिंदर सिंह मथरेवाल, उप सचिव सकत्तर सिंह मौजूद रहे।