पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं तो कुछ एजेंसियां और गलत ताकतें सूबे में गलत रोल अदा कर रहीं हैं। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में शनिवार शाम बेअदबी की कोशिश के बाद मन भरा हुआ है। सीएम रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, देहात कांग्रेस प्रधान भगवंत पाल सिंह सच्चर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि कल की घटना बहुत ही दुखदायी है।
इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। इस घटना के बाद उनका मन भरा हुआ है और वह गुरुघर में नतमस्तक होने आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बेअदबी की घटना की तह तक जाएगी और इन घटनाओं के पीछे की ताकतों का पता लगाएगी, क्योंकि अब चुनाव निकट हैं तो कुछ एजेंसियां और गलत ताकतें पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिशें कर रहीं हैं। इसलिए पंजाब के लोगों को चौकस रहने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने लोगों के नाम संदेश में कहा कि आपसी भाईचारा, सद्भावना, प्यार और अमन शांति बनाए रखें। उन्होंने यकीन दिलाया कि
सभी धार्मिक स्थल, चाहे वे किसी भी धर्म से जुड़े हों, उनकी सुरक्षा यकीनी बनाई जाए। कपूरथला जिले में गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की कोशिश में मारे गए युवक के राज्य से 20 लोगों के आने बाबत पूछे जाने पर चन्नी ने कहा कि हमारी इंटेलिजेंस एजेंसियां लगातार इनका पता लगाने में जुटी हैं और संगत भी चौकस रहें। हम इन घटनाओं की तह तक पहुंचेंगे और गलत ताकतों को बेनकाब करेंगे।
बेअदबी की घटनाओं के पीछे एजेंसियों का हाथ: चन्नी
उधर, तरनतारन में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने राज्य में हो रही बेअदबी की घटनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे एजेंसियों का हाथ है। हालांकि सीएम ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह एजेंसियां देश की हैं या बाहर की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में आंधी चल रही है, जिससे घबरा कर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
पंजाब का माहौल बिगाड़ने के लिए धार्मिक बेअदबी की जा रही है। हमें संयम से काम लेते हुए धार्मिक स्थलों की निगरानी रखनी चाहिए। चन्नी ने पुलिस से घटना की विस्तृत जानकारी ली और तत्काल जांच पूरी करने के निर्देश दिए। पट्टी में श्री गुरु तेग बहादुर जी स्टेट लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य शुरू करवाने और पांच करोड़ से बने डाइट सेंटर के लोकार्पण के मौके पर सीएम ने रैली को संबोधित किया।