बटाला। बटाला के गांव दाबांवाल कलां में एक घर में अकेले व्यक्ति की तेज तरार हथियारों से हत्या करने के बाद लूटेरों ने घर में रखे सोने के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। लुटेरों ने इस वारदात को रविवार देर रात अंजाम दिया। रविवार की रात को करीब 12 बजे व्यक्ति के पारिवारिक सदस्य जब घर पहुंचे तो उन्होंने लहू से लथपथ व्यक्ति को देखा। तब तक उक्त व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
इसकी सूचना मिलने पर थाना घन्नियां के बांगर की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर बटाला के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। जिसमें दो लोग दिखे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक की पहचान जगतार सिंह( 55) निवासी दाबांवाल कलां के रूप में हुई है। इस बारे में मृतक जगतार सिंह के भांजे राजिंदर सिंह सोनू ने बताया कि गांव दाबांवाल कलां में उसके मामा जगतार सिंह और उसका परिवार रहता है। रविवार शाम को उनका सारा परिवार अमृतसर में गरुद्वारा हरमंदिर साहिब में माथा टेकने गए थे।
उसके मामा जगतार सिंह घर में अकेले थे। रात करीब 12 बजे जब पारवारिक सदस्य घर आए तो देखा कि उसके मामा जगतार सिंह लहू से लथपथ थे। उनकी मौत हो चुकी थी। लुटेरों ने तेजतर्रार हथियारों से उसके मामा की हत्या कर दी थी। घर से लुटेरे 12 तोला सोने के जेवरात और 10 हजार रुपये और नकदी ले गए हैं। इस संबंध में पुलिस जांच अधिकारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि थाना घन्नियां के बागंर में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान करने की प्रयास किया जा रहा है। जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।