रैंप की रिपेयर करते निर्माण कंपनी के लोग
भारी बरसात के कारण डेरा बाबा नानक में कॉरिडोर की सड़क से गांव पखोके टाहली साहिब को जाने वाला रैंप धंसने के बाद मरम्मत का काम शुरू हो गया है। शनिवार को कॉरिडोर की सड़क के साथ लगते खेतों के मालिक किसानों ने प्रदर्शन कर कॉरिडोर निर्माण करने वाले अधिकारियों के आगे धंसे हुए इन रैंप की रिपेयर करने की मांग रखी थी।
किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि कॉरिडोर की सड़क से गांव पखोके टाहली साहिब को जाने वाला मार्ग पर पानी की निकासी न होने की वजह से सड़क के किनारे अंदर धंस गए हैं। किसानों की मांग थी कि जल्द से जल्द इस धंसे हुए रास्ते को तुरंत भरा जाए। वहीं प्रदर्शन के बाद रविवार को संबंधित विभाग ने जंगी स्तर पर रैंप की रिपेयर का काम शुरू कर दिया।
कॉरिडोर निर्माण करवा रही कंपनी के संबंधित अधिकारी अजीत पाल ने बताया कि शनिवार शाम से ही रिपेयर का काम शुरू कर दिया गया है। रविवार को भी रिपेयर का काम चालू है। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं इस संबंध में गांव पखोके टाहली साहिब और डेरा बाबा नानक के रहने वाले किसान गुरनाम सिंह, गुरहरप्रीत सिंह, हरपाल सिंह, जसपाल सिंह करतारपुर कॉरिडोर के पास लगती जमीन के किसानों ने जिला प्रशासन से कॉरिडोर को तैयार करने के लिए काटे गए धुस्सी बांध को बंद करने की मांग की है क्योंकि बरसात में रावी दरिया का जलस्तर बढ़ने से धुस्सी बांध के खुले होने से पानी उनके खेतों में आ जाएगा। उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है।