संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। वर्ष 2015 में बरगाड़ी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामले में हाल ही में गिरफ्तार किए गए प्रदीप कलेर द्वारा चंडीगढ़ अदालत में किए गए खुलासे पर एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पंजाब सरकार से डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को गिरफ्तार करने के साथ-साथ उसकी अनुयायी हनीप्रीत को भी नामजद कर तुरंत गिरफ्तार किए जाने की बात कही।
धामी ने कहा कि बरगाड़ी बेअदबी मामले में गिरफ्तार आरोपी प्रदीप कलेर द्वारा अदालत में दर्ज कराए गए बयान से यह स्पष्ट है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे डेरा सिरसा प्रमुख का हाथ था। उन्होंने कहा कि समय-समय पर प्रदेश की सरकारों ने इस गंभीर मामले पर सिखों को न्याय देने के बजाय केवल राजनीति ही की है।
धामी ने पंजाब सरकार से कहा कि अब जब प्रदीप कलेर के बयान से डेरा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम और हनीप्रीत का नाम स्पष्ट रूप से सामने आ गया है, तो सरकार को तुरंत दोनों को गिरफ्तार करना चाहिए और पंजाब लाना चाहिए और जांच को आगे बढ़ाना चाहिए ताकि सिखों को न्याय मिल सके।
धामी ने पंजाब सरकार से यह भी कहा कि चूंकि गिरफ्तार आरोपी प्रदीप कलेर डेरा सिरसा के राजनीतिक विंग का नेता था, इसलिए 2017 में एक बम विस्फोट मामले में भी उसकी जांच की जानी चाहिए, जिसमें 5 बच्चों समेत 7 निर्दोष लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी डेरा सिरसा की संलिप्तता को लेकर कई अहम सबूत पहले ही सामने आ चुके हैं।