दुर्ग्याणा मंदिर के पास चार मंजिला इमारत का लेंटर तोड़ रहे तीन मजदूर चौथी मंजिल से लेंटर के साथ ही नीचे गिर गए।
इससे हर्षा छीना निवासी गुरसेवक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी के दो कुलदीप सिंह और सुरजीत सिंह गंभीर घायल हो गए। उन्हें तुरंत गुरुनानक देव अस्पताल ले जाया गया। मौके पर पहुंची थाना सिविल लाइन पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
दुर्ग्याणा मंदिर के सौंदर्यीकरण को लेकर कुछ इमारतों को तोड़ा जा रहा है। इस काम का ठेका हरजिंदर सिंह नाम के ठेकेदार के पास है। इसी के तहत सोमवार दोपहर करीब 3 बजे उक्त तीनों कर्मचारी एक इमारत की चौथी मंजिल का लेंटर तोड़ रहे थे। अचानक लेंटर पूरी तरह टूट कर नीचे गिर गया और तीनों कर्मी भी उसके साथ नीचे आ गए।
इससे मौके पर ही गुरसेवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग और अन्य कर्मचारी भी एकत्रित हो गए और घायलों को अस्पताल ले गए। दुर्ग्याणा पुलिस चौकी के एएसआई हरजीत सिंह ने कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है और घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।