मुरादपुरा में क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर के पास विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते स्थानीय लोग।
- फोटो : amarujala
मुरादपुरा क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के नजदीक ट्राला की टक्कर से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 27 घंटे बाद भी बिजली नहीं आने पर स्थानीय लोग भड़क गए और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मुरादपुरा निवासी गुरवंत सिंह सोहल, निर्मल सिंह, गुरदयाल सिंह, मंगल सिंह, नंद सिंह, सुखबीर सिंह, सुनील शर्मा, हीरा सिंह, कुलजीत सिंह ने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब 12.30 बजे ट्राला चालक निर्मल सिंह फौजी ने गलती से ट्रांसफार्मर तोड़ दिया। इससे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। ट्राला चालकको जब लोगों ने रोककर ट्रांसफार्मर ठीक करवाने की बात कही तो उसने चार हजार रुपये दे दिए।
जब लोगों ने ट्रांसफार्मर ठीक कराने के लिए तरनतारन कार्यालय में शिकायत की तो टालमटोल करते हुए कहा गया कि जेई से बात करो। इस पर लोगों ने 1912 पर शिकायत की। इसके बाद पीएसपीसीएल. की टीम मौैके पर पहुंची और लोगों से कहा कि ट्रांसफार्मर ठीक होने में करीब दस हजार रुपये का खर्चा आएगा। दस हजार रुपये एकत्रित कर दो, ट्रांसफार्मर ठीक कर देंगे। लोगों का कहना है कि ट्रक चालक ने सिर्फ उनको चार हजार रुपए दिए है और वह छह हजार रुपए कहां से लाए।
ब लोगों ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो टीम वापस चली गई। बिजली न आने कारण लोगों के घरों में पीने और नहाने लिए पानी नहीं था। इस पर रोष में आए लोगों ने वीरवार को दोपहर दो बजे के करीब विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
लोगों का कहना है कि यह ट्रांसफार्मर सड़क के मोड़ पर है और इसे पीछे हटाया जाए। इस संबंधी डिप्टी चीफ इंजीनियर पीएसपीसीएल तरनतारन वीपी सिंह सैणी का कहना है मामला वीरवार की दोपहर उनके ध्यान में आया है। ट्रांसफार्मर की जल्द मरम्मत कराकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।