पठानकोट में रोष व्यक्त कर रहे समिति मार्केट के दुकानदार और व्यापारी नेता।
- फोटो : amarujala
समिति मार्केट में मूलभूत सुविधाओं के लिए दुकानदारों ने सोमवार को व्यापार मंडल पठानकोट के पदाधिकारियों के साथ मिलकर बीडीओ कार्यालय का घेराव किया गया। दुकानदारों ने बीडीओ के नाम ज्ञापन देकर मार्केट में होने वाली परेशानियों के बारे में बताया। इससे पहले दुकानदारों ने तीन दुकान का निर्माण कार्य बंद करा दिया।
व्यापार मंडल के प्रधान भारत महाजन, महासचिव अमित नैयर, सीनियर उपाध्यक्ष राजीव काला, प्रवक्ता अतुल महाजन के साथ समिति मार्केट के प्रधान मनू महाजन, महासचिव नरेंद्र वालिया, पीआरओ सुरेंद्र व कैशियर राजेंद्र भाटिया व मार्केट के दुकानदारों ने बताया यहां शौचालय, पीने के पानी, स्ट्रीट लाइट और सफाई की व्यवस्था नहीं है।
जब तक यह सुविधाएं नहीं मिलेंगी, वह लोग किसी भी सूरत में इन दुकानं का निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। दुकानदारों ने कहा अपनी कमाई के लिए विभाग दुकानों का धड़ाधड़ निर्माण करवा रहा है। पर मार्केट में एक शौचालय तक नहीं बनवा कर दे रहा है।
वह लोग पिछले 30 से 35 वर्षों से यहां पर दुकानदारी कर रहे हैं। विभाग हर महीने किराया वसूलने आ जाता है और दुकानदारों की समस्या की ओर ध्यान ही नही देता। दुकानदारों ने कहा कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो संघर्ष और तेज करने पर विवश होंगे। इस मौके पर अक्षय महाजन, पंकज, दीपक, सुरेश, बलवीर मौजूद थे।