मोहल्ला माडल टाउन में एक घर की छत पर लगाए गए मोबाइल टावर के विरोध में मंगलवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया।
साथ ही टावर नहीं हटाए जाने पर डीसी कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी। मामले की जानकारी पर थाना डिवीजन नंबर दो पुलिस मौके पर पहुंची और घर के मालिक से बात की। पुलिस के दखल पर घर के मालिक ने जल्द टावर हटवाने की बात कही है।
प्रदर्शन कर रहे पार्षद रेखा देवी के पति अशोक कुमार, केवल कृष्ण, तरूणपाल सिंह शंटी, जीवन लाल, बजाज, गुरचरण भल्ला, यशपाल, गुरचरण पलाया, सतिन्द्र बेदी, सविता, गुरनाम सिंह, बलवीर मित्तल ने रोष जताते कहा कि मोहल्ले के बीच घर की छत पर लगाए जा रहे मोबाइल टावर से लोगों को सेहत संबंधी कई दिक्कताें का सामना करना पड़ेगा।
उन लोगों ने टावर लगाने का पहले भी विरोध किया था। इस पर घर के मालिक सरकारी कर्मचारी है ने काम रोकने की बात कही थी। मंगलवार को दो दिन बीत जाने के बाद भी टावर छत से उतारा नहीं गया है। प्रदर्शनकारियों ने बताया जब ही टावर का काम शुरू हुआ था तब लोगाें ने घर के मालिक से पूछा कि क्या काम करवाया जा रहा है। इस पर उसने लोगाें को अंधेरे में रखते हुए कहा कि यहां पर सोलर पैनल लगाए जाने हैं। अगली सुबह वहां टावर लगा मिला। लोगों ने घर के मालिक के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि यदि घर की छत से टावर को अतिशीघ्र नहीं हटाया गया तो डीसी कार्यालय का घेराव करेंगे।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर दो के एएसआई सतबीर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। इसके बाद उन्होंने घर के मालिक से बात की। एएसआई ने बताया घर के मालिक ने टावर जल्द हटवाने की बात कही है।