जिला पुलिस दो दिन पहले एक कार से छह पिस्तौलों के साथ पकड़े गए युवक का यूपी के हथियार तस्करों से लिंक तलाश रही है। इसके लिए आईटी माहिर आरोपी से बरामद मोबाइल फोन को खंगाल रहे हैं। 28 जुलाई की रात को पुलिस ने कैंगऱेज स्कूल लोहारका रोड पर नाकेबंदी के दौरान स्विफ्ट कार से बेअंत सिंह उर्फ निक्का को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 पिस्तौल 32 बोर, एक देसी कट्टा 315 बोर तथा कारतूस बरामद किए थे।
पुलिस रिमांड के दौरान युवक बार-बार बयान बदल रहा है। कभी कहता है कि शौक के लिए इतने पिस्तौल अपने पास रखे हुए थे, तो कभी कहता है कि किसी के कहने पर उसने यह यूपी से मंगवाए हैं। कंबो थाना प्रभारी प्रभजोत सिंह अटवाल ने बताया कि टांगरा के पथूनागढ़ का यह युवक पहले वेल्डिंग का काम करता था। अब यह मोबाइल रिपेयर का काम भी करता था। इसलिए यह मोबाइल का माहिर है। यह यूपी के हथियार तस्करों के साथ इंटनरेट के जरिए बात करता था। इसके मोबाइल में दर्ज नंबरों को खंगाला जा रहा है। वहीं व्हाट्सएप के जरिए की गई काल्स को भी ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि यूपी के लिंक पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके।