सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने रविवार सुबह भारतीय सीमा में करीब 50 मीटर तक अंदर घुस अए पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। उससे बीएसएफ ने पाकिस्तानी करेंसी समेत एक कारतूस, चेकबुक समेत अन्य सामान बरामद किया है।
सुबह करीब साढ़े सात बजे बीएसएफ के बमियाल सेक्टर की बीएसएफ पोस्ट काशी बर्मन से पकड़े गये पाकिस्तानी नागरिक की पहचान मोहम्मद शेख निवासी मन्याल, पंजाब (पाकिस्तान) बताई जा रही है। उससे बीएसएफ के अलावा अन्य खुफिया एजेंसियां भी पूछताछ कर रही हैं।
उससे करीब 2350 रुपये की पाकिस्तानी करेंसी, एक कारतूस, पाकिस्तानी बैंक की चेक बुक, हाथ घड़ी, एक ब्लेड, कैलेंडर व उर्दू में छपी एक डायरी बरामद की गई हैं। सीमा सुरक्षा बल के कमांडर इंदर प्रकाश भाटिया ने बताया कि पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि बरामद सामान की भी गहनता से जांच की जा रही है।