संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। शुक्रवार की देर रात को दीनानगर बहरामपुर रोड पर स्थित गांव बांठावाला के पास पराली से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली के साथ सफारी गाड़ी की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उधर, थाना बहरामपुर की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई आरंभ कर दी है। मृतक की पहचान गुरदीप सिंह निवासी बहरामपुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
एसएचओ ओंकार सिंह ने बताया कि मृतक अपने 5 दोस्तों के साथ दीनानगर की तरफ से आ रहे थे। दीनानगर की तरफ पराली से लोड ट्रैक्टर-ट्राली जा रही थी। गांव बांठावाल के पास पहुंचने पर सफारी गाड़ी की ट्रैक्टर-ट्राली के साथ टक्कर हो गई। इससे गाड़ी चला रहे गुरदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उन्होंने बताया कि यह हादसा ट्रैक्टर-ट्राली के एंगल के साथ टकराने के चलते हुआ है। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से फरार हो गया। पता चला है कि ट्रैक्टर-ट्राली चालक गांव सुलतानी का रहने वाला है। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर अगली कार्रवाई की जा रही है।