अमृतसर के झंडेर के गांव सलोदीन में मंगलवार को जमीन को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
लंबे समय से दोनों पक्षों में था विवाद
मृतक का नाम जरनैल सिंह है और वह 45 साल का था। जानकारी के अनुसार, थाना झंडेर के अधीन आते गांव सल्लोदीन (खतराई कलां) में जमीन को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। मंगलवार को विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और गोलियां चलने लगीं।
गोलीबारी के दौरान 45 वर्षीय जरनैल सिंह को गोली लग गई। गंभीर घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना झंडेर की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।
एसएसपी कंवल जीत सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।