चोरी का झूठा आरोप लगने के बाद शर्म के मारे 65 वर्षीय कटड़ा मोती राम निवासी राकेश कपूर ने जहरीली गोलियां को निगल लिया। उनका इलाज गुरु नानक देव अस्पताल में चल रहा है।
उन्होंने अपने सुसाइड नोट में साफ लिखा है कि शास्त्री मार्केट एक कपड़ा व्यापारी ने उन्हें पेमेंट देने के बहाने बुलाया और बाद में उन पर ही चोरी का इलजाम लगाकर पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उन्हें कुछ व्यक्ति उठाकर टेलीफोन एक्सचेंज के पास ले गए, जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
पीड़ित के बेटे हेमंत कपूर ने बताया कि राकेश कपूर कपड़े की दलाली का काम करते हैं। सूरत व अन्य शहरों से कपड़ा यहां के व्यापारियों को बेचते हैं। सुसाइड नोट में उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम उन्हें शास्त्री मार्केट के व्यापारी ने पेमेंट देने के बहाने बुलाया। एक घंटे तक पेमेंट नहीं दी। वह बाथरूम करने चले गए।
वापस आने पर व्यापारी ने उन्हें अगले दिन आने को कहा। जब वह दुकान से बाहर निकले तो दुकान के कुछ लड़के उनके पीछे आए और बोला कि तुमने सूट चोरी किए हैं। बैग खोला तो उनमें सूट थे। इसके बाद उन्हें पीटना शुरू कर दिया। कुछ समय बाद ही कुछ व्यक्ति ओर आए जो उन्हें टेलीफोन एक्सचेंज के पास ले गए और पीटा।
इससे तंग आकर उन्होंने रात को गोलियां खा ली। पुलिस उनके बयान ले चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इंसाफ न मिला तो पूरा परिवार उनके साथ ही सुसाइड कर लेगा। एसएचओ कोतवाली संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस उनके बयान लेने के लिए गुरु नानक देव अस्पताल गई थी। लेकिन वह अभी बयान देने के लिए फिट नहीं है।