अमृतसर। पुलिस कमिश्नर विक्रमजीत दुग्गल ने अब कठिन परिश्रम से हर वक्त ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों को जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर छुट्टी देने का फैसला किया है। उद्देश्य है कि इन दिनों में पुलिस कर्मी तनाव से मुक्त होकर पूरा दिन परिवार संग बिताएं। उन्होंने यह आदेश रविवार को जारी किए।
विक्रमजीत दुग्गल ने बताया कि एक व्यक्ति के लिए लगातार 14 से 16 घंटे काम करना कठिन है पर सालगिरह और जन्मदिन वाले दिन मुलाजिमों को परिवार के साथ रहकर बिताना जरूरी है। इसलिए उनको सालगिरह और जन्मदिन पर अवकाश दिया जा रहा है। उनके इस फैसले से पुलिस कर्मी काफी ज्यादा खुश हैं।
जिक्रयोग्य है कि छुट्टी की कमी से अमृतसर कमिश्नरेट की पुलिस फोर्स लगातार ड्यूटी करके तनावग्रस्त हो चुकी है। ज्यादातर मुलाजिमों की नींद तक पूरी नहीं हो पाती। बाहरी जिलों से आने वाले मुलाजिम तो सप्ताह भर तक अपने घर नहीं जा पाते। इन हालात के बीच और परिवार से दूरी के चलते मुलाजिम तनाव का शिकार हो जाते हैं। पुलिस कर्मियों की लंबी ड्यूटी देखते हुए विक्रमजीत दुग्गल ने सभी को उनके जन्मदिन और सालगिरह पर छुट्टी देने का आदेश जारी किया है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में सीपी पुलिस मुलाजिमों के हक में कुछ और आदेश भी जारी करने वाले हैं।