पठानकोट मंडी में खुले में रखा गया मंडी में गेहूं
- फोटो : amarujala
जिले की मंडियों में गेहूं आना शुरू हो गया है लेकिन दाना मंडी में अब तक किसानों की सुविधा व एजेंसियों की ओर से गेहूं की खरीद के लिए कोई प्रबंध नहीं किए गए हैं।
दाना मंडी, ढाकी में इस बार दो एजेंसियों पनग्रेन व पनसप को गेहूं की खरीद के लिए रखा गया है। इन दोनों एजेंसियों का न तो कोई अधिकारी दिख रहा है और न ही कर्मचारी।
गेहूं किसानों ने खुले में रखा है। इसकी देखरेख के लिए भी कोई प्रबंध नहीं दिख रहे हैं। गेहूं को रखने के लिए बोरियों का भी अब तक कोई प्रबंध नहीं किया गया है।
गुरदासमहाजन एजेंसी के आढ़ती का कहना है कि किसान यहां गेहूं लेकर नहीं आ रहे हैं और न ही इंस्पेक्टर आया है। जब इंस्पेक्टर आएगा तभी बारदाना आएगा और अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
मार्केट कमेटी के चेयरमैन विपिन महाजन का कहना है कि उनकी ओर से सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं लेकिन अब तक किसान नहीं आ रहे हैं। वहीं सरकार की ओर से गेहूं का क्या रेट रखा गया है यह भी अब नहीं बताया गया है।