27 करोड़ का इंजेक्शन ही मासूम को जिंदगी दे सकता है। अमृतसर के नौ साल के इश्मीत को गंभीर बीमारी है। परिवार के पास इतनी बड़ी रकम नहीं है। बच्चे का पिता सेना में हैं और परिवार दूसरों से मदद की आस लगाए बैठा है।
हे भगवान! गरीबी दे पर बीमारी नहीं... पंजाब के अमृसर के एक बच्चे को ऐसी बीमारी है, जिसके इलाज के लिए दूसरों से मदद मांगी जा रही है। नौ साल के मासूम को बचाने के लिए परिवार गुरु घर में अरदास भी कर रहा है। बच्चे का इलाज इतना महंगा है कि परिवार के पास इतनी ज्यादा रकम नहीं है। क्योंकि बच्चे को 27 करोड़ रुपये का इंजेक्शन लगेगा। इतनी बड़ी रकम के लिए परिवार को अब दूसरों से ही आस है।
विज्ञापन
अमृतसर के जंडियाला गुरु में एक सैनिक परिवार का नौ वर्षीय बच्चा इश्मीत ड्यूशेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (डीएमडी) नाम की एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। डॉक्टरों का कहना है कि उसे 27 करोड़ का इंजेक्शन लगना है। तभी उसका इलाज संभव है। इलाज के लिए परिवार के लोगों व दानी सज्जनों से मदद की गुहार लगाई है। अमृतसर स्थित श्री अकाल तख्त साहिब से अरदास कर परिवार बुधवार को मुंबई रवाना हुआ।
उन्होंने कहा कि मुंबई जाकर वे वहां फिल्मी हस्तियों से दान व बच्चे की जान बचाने के लिए गुहार लगाएंगे। अभी तक दानी सज्जनों से उन्हें दो करोड़ रुपये मिल चुके हैं, लेकिन अभी 25 करोड़ रुपये की और जरूरत है। श्री अकाल तख्त साहिब पर अरदास के बाद इश्मीत की मां प्रिया कौर और सैनिक पिता हरप्रीत सिंह मदद की आस लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गए।
इश्मीत की मां प्रिया कौर और पिता हरप्रीत सिंह ने बताया कि जब बच्चा पांच वर्ष का था, तो उनको डीएमडी बीमारी का पता चला। इस बीमारी का पता उनको आर्मी अस्तपाल में चल रहे इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बताया। उन्होंने कहा इस यह बीमारी करीब 10 लाख बच्चों में किसी एक को होती है। इसका इलाज काफी महंगा है। हम दानी सज्जनों से गुहार लगा रहे हैं कि बच्चे की जान बचाने के लिए उनकी मदद की जाए।