- जंडियाला गुरु में रंजीत अस्पताल की 9 मरले जमीन धोखे से अपने नाम करवाने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जंडियाला थानाक्षेत्र में स्थित रंजीत अस्पताल की 9 मरले जमीन धोखे से कब्जाने के आरोप में पुलिस ने खडूर साहिब के एसडीएम समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। इन पर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने के भी आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों को नोटिस भी भेजे जाएंगे।
मूल रूप से गोल्डन एवेन्यू व हाल गांव भंगवा निवासी डाॅ. रंजीत शर्मा ने जंडियाला पुलिस को बताया कि जंडियाला गुरु इलाके में उनका रंजीत नाम से अस्पताल है। अस्पताल की जीटी रोड के पास 9 मरले जमीन थी, जिसे खडूर साहिब के एसडीएम दीपक भाटिया, गोल्डन एवेन्यू निवासी सचिन शर्मा और अस्पताल के पीआरओ खुशबीर सिंह ने जाली दस्तावेज तैयार करवा और रजिस्ट्री के पेपरों पर हस्ताक्षर करवा मुख्तारनामा बनवाकर हड़प लिया।
पुलिस ने सचिन शर्मा निवासी गोल्डन एवेन्यू, एसडीएम दीपक भाटिया और अस्पताल के पीआरओ खुशबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि केस की फाइल उनके पास पहुंच गई है। जांच कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।