19 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, 21 के खिलाफ आपराधिक शिकायतें भी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिले में धान की पराली जलाने की प्रवृत्ति को रोकने के लिए प्रशासनिक टीमें सक्रिय हैं। अब तक पराली को आग लगाने वाले किसानों को 24 लाख 32 हजार 500 रुपये जुर्माना किया जा चुका है। अधिकारियों को आग बुझाने के लिए खेतों में पहुंचने के निर्देश हैं और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पराली में आग की सूचना मिलने पर सभी थाना अध्यक्ष भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रहे हैं।
अमृतसर के डीसी घनश्याम थोरी ने बताया कि अब तक हमारी टीमों ने उन सभी स्थानों का दौरा किया है, जहां सेटेलाइट से आग की सूचना मिली थी। जहां पराली में आग लगने की पुष्टि हुई है, वहां कार्रवाई की गई है। आरोपी किसानों पर 24 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। जबकि 210 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में लाल प्रविष्टि दर्ज की गई है। इसके अलावा वायु अधिनियम के उल्लंघन के लिए 19 एफआईआर और 21 आपराधिक शिकायतें न्यायालय में दायर की गई हैं। उन्होंने किसानों को सचेत करते हुए कहा कि हमारी नजर हर खेत पर है और जो भी पराली जलाएगा, उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।