गांव घरियाला के मेले के मौके पर युवाओं पर डंडे बरसाती पंजाब पुलिस।
- फोटो : amarujala
प्राचीन मंदिर महाकाली घरियाला के वार्षिक मेले में हाजिरी लगाने पहुंचे सूफियाना गायक गुरदास मान को देखने के लिए हजारों की संख्या में युवा उमड़ पड़े। भीड़ पर कंट्रोल करते हुए पुलिस कर्मियों और युवाओं के बीच बहस हो गई। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। वहीं एक व्यक्ति ने थाना प्रभारी की वर्दी फाड़ दी।
गांव घरियाला के मेले के मद्देनजर सुरक्षा के लिए जिले के आधा दर्जन थानों के प्रभारियों की वहां ड्यूटी लगाई गई थी। मेले में हर वर्ष की तरह गायक गुरदास मान ने जब दोपहर के समय मंच संभाला तो युवाओं का जोश बढ़ गया।
मंच के आसपास युवाओं की भीड़ जमा होने लगी तो वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने युवाओं को समझाने का प्रयास किया। मामूली तल्खबाजी के बाद कुछ युवाओं पर पुलिसिया डंडा बरसने लगा। गांव सभरा से आए एक युवक को जब जिले के एक थाना प्रभारी ने थप्पड़ जड़ा तो युवक ने विरोध करते हुए थाना प्रभारी को गले से पकड़ कर घसीटना शुरू कर दिया और वर्दी फाड़ डाली।
उक्त युवक को बाद में पुलिस चौकी घरियाला ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई। एसएसपी मनमोहन कुमार शर्मा का कहना है कि मामला अभी उनके ध्यान में नहीं आया है। यदि किसी ने कानून को हाथ में लिया होगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।