अमृतसर। भिंडी सैदां में भट्ठा मालिक और मुंशी के साथ शराब पीने के बाद मजदूर बलविंदर सिंह (38) की मौत हो गई। पुलिस ने भट्ठा मालिक साहिब सिंह और मुंशी राणिया गांव निवासी गुरजीत सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
भिंदर कौर ने पुलिस को बताया कि वह पति बलविंदर सिंह के साथ भट्ठे पर काम करती हैं। भट्ठे के पास वह परिवार के साथ मजदूरों वाले कमरे में रहती हैं। 10 अप्रैल की दोपहर भट्ठे का मालिक साहिब सिंह और मुंशी गुरजीत सिंह कार में आए और उनके पति को अपने साथ ले गए।
शाम को जब बलविंदर घर लौटा तो वह शराब के नशे में था और उसकी तबीयत काफी खराब थी। उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इसी बीच बलविंदर ने उन्हें बताया कि उनसे खाली पेपर पर हस्ताक्षर करवाए गए हैं। मंगलवार रात बलविंदर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई।