डीसी ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, एसडीएम करेंगे जांच
कैदियों की मांगों को सुन रहा प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। केंद्रीय जेल गुरदासपुर में वीरवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब सुबह करीब 11 बजे कैदियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। आनन-फानन में जेल में तैनात पुलिस कर्मियों ने स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन भड़के कैदियों ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
पत्थरबाजी के दौरान एक एसएचओ सहित चार पुलिस मुलाजिम जख्मी हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर में दाखिल कराया गया है। स्थिति को बिगड़ते देख जिला पुलिस गुरदासपुर, बटाला, पठानकोट और होशियारपुर से भारी संख्या में पुलिस मुलाजिम जेल में तैनात कर दिए गए हैं। इसके अलावा सीआरपीएफ की एक टुकड़ी को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस की बख्तरबंद गाड़ियों के अलावा फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गई हैं। घायलों में थाना धारीवाल के एसएचओ मंदीप मंगोत्रा, जेल गार्द मुलाजिम जोधा सिंह, थाना काहनूवान में तैनात हवलदार बलजिंदर सिंह और पुलिस फोटोग्राफर जगदीप सिंह शामिल हैं। एसएसपी गुरदासपुर दयामा हरीश कुमार, डीसी डाॅ. हिमांशु अग्रवाल, एसएसपी बटाला अश्विनी गोटियाल, एसएसपी पठानकोट दलजिंदर सिंह ढिल्लो के अलावा पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल हालात विस्फोटक बने हुए हैं। पुलिस स्थिति पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रही है, लेकिन अभी भी जेल परिसर से लगातार रुक-रुककर गोली की आवाजें आ रही हैं। इसके अलावा आंसू गैस के गोले भी दागे जा रहे हैं।
कई कैदी और हवालाती जेल के पिछले हिस्से की छत पर जा चढ़े हैं। यहां पर आग लगने की भी संभावना जताई जा रही है क्योंकि लगातार धुंआ उठ रहा है। पुलिस की ओर से लगातार लाउडस्पीकर पर उन्हें नीचे आने की अपील की जा रही है। पुलिस उन्हें विश्वास दिला रही है कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, लेकिन कैदी पुलिस की कोई बात मानने को तैयार नहीं हैं। पुलिस के वज्र वाहनों को भी मौके पर बुला लिया गया है।
उधर, गुरदासपुर के डीसी हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि उनकी ओर से इसकी मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच एसडीएम करेंगे। इसी के साथ प्रशासन की ओर से कैदियों की मांगों को सुना जा रहा है तथा अब स्थिति नियंत्रण में है।