मोटर पार्ट्स में छिपाकर लाया था एक किलो 641 ग्राम सोना
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कस्टम कमिश्नरेट के एयर इंटेलिजेंस विंग के अधिकारियों ने बुधवार को दुबई से आए एक यात्री से एक किलो 641 ग्राम सोना बरामद किया है। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात एयर इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने यात्री के मोटर पार्ट्स से यह बरामदगी की है। इसकी कीमत एक करोड़ आंकी गई है। अधिकारियों ने सोने को जब्त कर आरोपी यात्री के खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। यह जानकारी कस्टम प्रवक्ता ने दी है।
कस्टम प्रवक्ता के मुताबिक बुधवार को सुबह दुबई से पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट ने अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड किया। इसमें भारत पहुंचे यात्रियों के सामान की स्केनिंग की जा रही थी। इस दौरान इंटेलिजेंस अधिकारियों ने यात्री के सामान में मोटर पार्ट्स देखे, जो यात्री दुबई से अपने साथ लाया था। मोटर पार्ट्स की जांच की गई तो उनमें सोने की दो छड़ें निकलीं। यात्री के सामान से मिली छड़ का वजन 795 ग्र्राम 50 मिली और दूसरी छड़ का वजन 846 ग्राम 10 मिली पाया गया। इस तरह इन दोनों का कुल वजन 1641 ग्राम 60 मिलीग्राम था। कस्टम अधिकारियों ने सामान जब्त कर यात्री के खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।