गो एयर इस माह के अंत में अमृतसर से दिल्ली-मुंबई और श्रीनगर के लिए उड़ान शुरू करेगी। इसकी पुष्टि श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के डायरेक्टर वीके सेठ ने की। उन्होंने कहा कि इन नई उड़ानों के संबंध में सभी प्रबंध मुकम्मल हैं। दूसरी ओर केंद्रीय सिविल एविएशन मंत्री ज्योतिरदित्या सिंधिया ने अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नांदेड़ के लिए एक फ्लाइट शरू किए जाने को मंजूरी दी है।
एयर इंडिया की ओर से अमृतसर से नांदेड़ और पटना साहिब के लिए उड़ान बंद किए जाने पर अमृतसर से लोकसभा सदस्य गुरजीत औजला ने केंद्रीय सिविल एविएशन को इस बारे में पत्र लिखा था। एसजीआरडी एयरपोर्ट, राजासांसी के डायरेक्टर वीके सेठ ने बताया कि गो एयर 11 नवंबर से अमृतसर एयरपोर्ट ने तीन शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू कर रही है। इनमें दिल्ली के लिए तीन उड़ान, मुंबई के लिए दो उड़ान और श्रीनगर के लिए एक उड़ान शामिल है। सेठ ने बताया कि गो एयर की फ्लाइट अमृतसर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सुबह 7 बजे, सायं 3 बजे और रात्रि 10.30 बजे उड़ान भरेगी। सुबह 6.30 बजे, 11.30 बजे और रात 9.35 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि मुंबई के लिए सुबह 11.30 बजे और रात्रि 8.45 बजे अमृतसर एयरपोर्ट से फ्लाइट उड़ान भरेगी और सुबह 11 बजे और रात्रि 10.15 बजे मुंबई से फ्लाइट यहां पहुंचेगी। इसी तरह गो एयर की फ्लाइट दोपहर 12.10 बजे श्रीनगर के लिए उड़ान भरेगी और दोपहर 1.30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। दूसरी ओर लोकसभा सदस्य गुरजीत औजला ने कहा कि एयर इंडिया की ओर से पिछले दिनों नांदेड़ और पटना साहिब की फ्लाइटें बंद करने पर उन्होंने सिविल एविएशन मंत्री को पत्र लिख कर नांदेड़ के लिए सप्ताह में तीन फ्लाइट और पटना साहिब के लिए फ्लाइट शुरू करने की मांग की थी। इसके जवाब में सिविल एविएशन मंत्री ने नांदेड़ के लिए तो सप्ताह में एक फ्लाइट शुरू किए जाने की मांग को स्वीकार कर लिया मगर पटना साहिब के लिए फ्लाइट पर बाद में फैसला करने की बात कही है।