पंजाब सरकार ने अवैध खनन पर रोक लगा रखी है। यह पाबंदी केवल कागजों और दावों तक ही सीमित है। अमृतसर के सीमांत इलाकों में देर रात तेजी से अवैध खनन होता है। इस अवैध खनन ने एक परिवार के चार सदस्यों को निगल लिया। खनन में शामिल तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार चार लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। सभी शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस जांच कर रही है। घटना शनिवार देर रात्रि की है। रविवार को मृतक के परिजनों और गांव के लोगों ने पुलिस के खिलाफ धरना लगाकर ट्रैफिक जाम किया और जमकर नारेबाजी की।
निर्मल सिंह निम्मा निवासी गांव भिंडी सैदा ने पुलिस को बताया है कि उनके बड़े भाई बिट्टू के लड़के नरेंद्र का 12 नवंबर को शगुन था। दामाद सुरजीत सिंह की उम्र 33 साल थी। वह गांव सारंगदेव छन्ना में रहता है। सुरजीत सिंह पत्नी संतोष कौर (32), बेटे सोनू (6) और बेटी प्रीत कौर (3) के साथ शगुन समारोह में शामिल होने आया था।
सुरजीत सिंह हलवाई का काम भी करता था। शगुन समारोह के बाद अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर रात को घर वापस जा रहा था कि गांव जस्सी वालों नहर के पुल पर तेज रफ्तार वाहन ने उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस टक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार परिवार के चारों सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया है।
सूचना मिलने पर थाना अजनाला की एसएचओ इंस्पेक्टर सपिंदर कौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची। मृतकों के शव कब्जे में ले लिए गए हैं। आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है। मृतक सुरजीत सिंह के भाई कुलदीप सिंह ने बताया है कि एक साथ परिवार के चार लोगों की मौत के कारण उनके सारे रिश्तेदारों के साथ-साथ पूरे गांव में मातम का माहौल है।
उन्होंने बताया है कि रात के समय अवैध खनन होता है। अवैध खनन में शामिल वाहन रात को सड़कों पर तेजी से दौड़ते हैं। इस वजह से हादसे हो रहे हैं। उनके भाई का पूरा परिवार इस अवैध खनन में शामिल वाहन का शिकार हुआ है। इसी भारी वाहन के कारण ही हादसा हुआ है और पूरा परिवार मौत का ग्रास बन गया है। लोगों में इस हादसे को लेकर पुलिस के खिलाफ रोष है।
लोगों ने रविवार को पुलिस के खिलाफ धरना देकर जमकर नारेबाजी की और ट्रैफिक भी जाम किया है। परिवार ने बताया है कि सुरजीत सिंह की तीन बेटियां हैं। उसने काफी जगह अरदास की और मन्नत मांगी थी। इसके बाद उसके कर बेटा पैदा हुआ था। सड़क हादसे में पति-पत्नी बेटी और बेटे की मौत हो गई है। अब सात साल की बेटी कुलविंदर कौर और नौ साल की बेटी सुखविंदर कौर अनाथ हो गई है।