विदेश में बैठे हैंडलर के संपर्क में थे आरोपी, अपराधियों तक पहुंचाए जा रहे थे हथियार
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिला शहरी पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्क से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 पिस्तौल, सात कारतूस और एक होंडा एक्टिवा स्कूटर जब्त किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में होने की बात सामने आई है। यह हैंडलर अवैध हथियारों की खेप उपलब्ध करवाने में मदद करता था। आरोपी संगठित नेटवर्क के जरिये हथियारों की सप्लाई आपराधिक तत्वों तक कर रहे थे। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस को हथियारों की आवाजाही के संबंध में सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग ऑपरेशन किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हथियार कहां से मिलते थे और सप्लाई के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरफ्तारियां और बरामदगी
पहले ऑपरेशन के दौरान थाना कैंटोनमेंट क्षेत्र में एक नाबालिग को रोका गया। तलाशी में उसके कब्जे से छह पिस्तौल और सात कारतूस बरामद हुए। दूसरे ऑपरेशन में थाना गेट हकीमा की पुलिस ने तरनतारन के अनमोल सिंह उर्फ मोहला (19) और उसके एक नाबालिग साथी को पकड़ा। इनसे .30 बोर की पांच पिस्तौल मिलें। आगे की जांच में तरनतारन के हरदीप सिंह उर्फ शिव (18) को गिरफ्तार किया गया, जिससे पांच और पिस्तौल बरामद हुईं।
- फोटो - 16