शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेप उपलब्ध करवाने में मदद करता था। इन हथियारों को संगठित नेटवर्क के माध्यम से आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जा रहा था।
पंजाब में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक होंडा एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के गांव नौशहरा ढाला निवासी अनमोल सिंह उर्फ मोहला (19) और गांव चेला निवासी हरदीप सिंह उर्फ शिव (18) के रूप में हुई है। इनके साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।
विज्ञापन
डीजीपी के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेप उपलब्ध करवाने में मदद करता था। इन हथियारों को संगठित नेटवर्क के माध्यम से आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जा रहा था। पुलिस अब नेटवर्क की पिछली और आगे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले ऑपरेशन में कैंटोनमेंट थाना क्षेत्र में एक्टिवा सवार एक नाबालिग को रोककर छह पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
दूसरे ऑपरेशन में गेट हकीमा थाना पुलिस ने अनमोल सिंह और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर पांच पिस्तौल बरामद कीं। पूछताछ के बाद हरदीप सिंह उर्फ शिव को गिरफ्तार कर उससे पांच और पिस्तौल बरामद की गईं। बरामद हथियारों में तीन 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक चीन निर्मित .30 बोर पिस्तौल, एक .30 बोर एक्स-शॉट, एक पीएक्स-5 स्टॉर्म, नौ अन्य .30 बोर पिस्तौल और एक देसी .32 बोर पिस्तौल शामिल है। इस संबंध में कैंटोनमेंट थाने में एफआईआर नंबर 196 और गेट हकीमा थाने में एफआईआर नंबर 315 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं।