संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। नशे का धंधा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के नाम सुखचैन सिंह निवासी राजासांसी, अमृतपाल सिंह निवासी, माधोसागा निवासी रमदास और हरमन सिंह निवासी गांव झंझोटी हैं। इन आरोपियों से पुलिस ने 275 ग्राम हेरोइन और 10.42 लाख की ड्रग मनी बरामद की है।
एसीपी शिव दर्शन ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उक्त चारों आरोपी नशे का धंधा करते हैं। आरोपियों के पाकिस्तान में बैठे तस्करों के साथ लिंक हैं और वहीं से हेरोइन की खेप मंगवाते हैं, जिसे यह आरोपी विभिन्न गांव के छोटे-छोटे तस्करों को सप्लाई कर देते हैं और वह लोग आगे युवाओं को बेचते हैं। इसी के तहत उन्होंने टीम गठित की और ट्रैप लगाया।
आरोपियों के बारे सूचना मिली और पहले तय योजना के तहत इन चारों को पकड़ लिया गया। मौके पर ही आरोपियों से हेरोइन और ड्रग मनी बरामद की गई। फिलहाल इन आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि आरोपियों के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और भी रिकवरी होगी और साथ ही कुछ और तस्करों को पकड़ा जाएगा।
- फोटो