संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कटरा शेर सिंह स्थित दवा मार्केट में शुक्रवार को सुबह करीब दस बजे प्लास्टिक फर्नीचर की दुकान में अचानक आग लग गई। आग से दुकान में रखा लाखों का सामान जल गया। नगर निगम के फायर कर्मियों ने पानी बुझाने की छह गाड़ियों की मदद से करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक कटरा शेर सिंह स्थित प्लास्टिक फर्नीचर की एक दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान प्लास्टिक के फर्नीचर की थी तो आग तेजी से दुकान के हर कोने तक फैल गई। इसकी जानकारी मिलने के कुछ ही समय के बाद फायर विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियों में कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने पानी की बौछारों से आग बुझाना शुरू किया। आसपास की दुकानों में आग फैलने के खतरे को देखते हुए दुकानदारोंं ने दुकानें बंद कर दीं। फायर कर्मियों ने तीन से चार घंटे के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान जल गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से हुए नुकसान की भी कुछ जानकारी नहीं मिल सकी है। दुकान मालिक के मुताबिक लाखों का सामान था, जिसका आकलन किया जा रहा है।