गुरदासपुर। जमीन के कब्जे पर गुरदासपुर के किसान व जिला होशियारपुर का प्रशासन सामने-सामने हो गए हैं। थाना पुराना शाला के अंतर्गत आते गांव जगतपुर में किसान व उनके परिवार किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेतृत्व में एकत्रित हुए। उक्त किसान अपने ट्रैक्टरों से कथित तौर पर खेत जोत रहे थे। इसकी भनक लगते ही थाना मुकेरियां पुलिस मौके पर पहुंची।
जमीन जोतने के साथ जंगल के बड़े हिस्से में आग भी लगाई हुई थी। पुलिस ने वहां से ट्रैक्टरों को हटाने की कोशिश की। इस कार्रवाई से किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता गुरप्रताप सिंह, बलविंदर सिंह, निर्मल सिंह, बीबी दविंदर कौर व उनके साथियों की पुलिस से बहसबाजी हुई। किसान निर्मल सिंह, बलविंदर सिंह, गुरप्रताप सिंह व उनके साथियों ने बताया कि दरिया ब्यास के साथ लगते गांव मेहताबपुर व जिला गुरदासपुर के गांव जगतपुर व छह गांवों के किसानों का उक्त जमीन पर कब्जा था।
साल 2018 में पंजाब सरकार के तत्कालीन वन मंत्री साधू सिंह धर्मसोत के नेतृत्व में विभाग ने जिला प्रशासन होशियारपुर के सहयोग से यहां कब्जा कर पौधे लगा दिए गए थे। इस जमीन पर लगभग 30 से अधिक परिवारों का कब्जा था। इन परिवारों के पास दो से पांच एकड़ तक जमीन थी, जो सरकार ने छीन ली थी। पुलिस अधिकारी हरजिंदर सिंह का कहना है कि 2018 से लगभग 200 एकड़ रकबे के अधिक जमीन पर वन विभाग ने पौधे लगाए हुए हैं। कुछ लोग इन पौधों को उखाड़ते हुए जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। बड़ी संख्या में पौधों को जलाया भी गया है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।