संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जीएनएम स्कूल बब्बरी में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य लड़कियों की जन्म दर बढ़ाने के प्रयासों पर चर्चा करना था। इस मौके पर सिविल सर्जन डाॅ. भारत भूषण ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मुहिम के तहत लड़कियों की जन्म दर में बढ़ोतरी हुई है।
लड़कियों की जन्म दर में और सुधार करने का प्रयास किया जा रहा है। लड़कियों के लिए सरकार की ओर से बालड़ी रक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना का प्रयास किया जा रहा है। 0 से लेकर पांच साल तक की लड़कियों के मुफ्त इलाज की सुविधा मुहैया है। उन्होंने कहा कि इन दिनों नवरात्रे चल रहे हैं। दुर्गा पूजा के साथ ही हमें शपथ लेनी चाहिए कि लड़कियों की जन्म दर को बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएं। जिला परिवार कल्याण अधिकारी डाॅ. तेजिंदर कौर ने कहा कि अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की जा रही है, जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सेमिनार में स्कूली विद्यार्थियों की ओर से कविता व भाषण के माध्यम से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर अपनी बात रखी गई। इस मौके पर एसीएस डाॅ. प्रभजोत कलसी, मास मीडिया ऑफिसर परमिंदर सिंह, प्रिंसिपल परमजीत कौर, जसबीर कौर, मनिंदर कौर मौजूद थे।