गेहूं की कटाई करने पहुंचे किसानों ने देखा, तो दी बीएसएफ को सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बार्डर सिक्योरिटी फोर्स ने भारत-पाक सीमा अमृतसर में स्थित सीमांत गांव मुहावा के खेतों में गिरे क्षतिग्रस्त ड्रोन को बरामद किया। बीएसएफ ने यह ड्रोन शुक्रवार को किसानों द्वारा दी गई सूचना के बाद बरामद किया, तो पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। बीएसएफ ने कब्जे में लेने के बाद क्षतिग्रस्त ड्रोन को पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी मुताबिक दो-तीन पहले मुहावा गांव का किसान मजदूरों के साथ खेत में गेहूं की फसल की कटाई करने पहुंचा, तो उसने खेत में गिरा ड्रोन देखा, तो तुरंत इसकी सूचना बीएसएफ और पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि यह ड्रोन काफी समय पहले खेत में गिरा होगा और अब कटाई करने पहुंचे तो उन्होंने देखा होगा। हेक्सा कॉप्टर ड्रोन छह फुट लंबा तथा इसमें छह प्रोपेलर लगे हुए हैं, जिसे पाकिस्तानी तस्करों द्वारा हेरोइन या हथियारों की बड़ी खेप भेजने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। डीजेआई मैट्रिक 300 आरटीके ड्रोन अपने साथ 20 किलो तक वजन उठाकर आसमान में पांच हजार मीटर ऊंची उड़ान भर सकता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि बैटरी खत्म होने के बाद यह क्षतिग्रस्त होकर खेतों में गिर गया होगा। यह भी संदेह है कि यह ड्रोन हेरोइन या हथियार की कोई बड़ी खेप अपने साथ लाया होगा। बीएसएफ और पंजाब पुलिस के सीनियर अधिकारियों के नेतृत्व में मुहावा गांव के बाहर स्थित खेतों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक अधिकारियों को उक्त ड्रोन के अलावा कुछ अन्य संदिग्ध सामान मिलने की बात सामने नहीं आई।
जांच को भेजा जाएगा ड्रोन : इंस्पेक्टर करमपाल सिंह
घरिंडा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर करमपाल सिंह ने मुहावा गांव के बाहर खेतों से मिले हेक्सा ड्रोन के पकड़े जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि ड्रोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि पता लगाया जा सके, कि इसने अंतिम उड़ान कब भरी थी और यह कब भारतीय क्षेत्र में गिरा। उन्होंने यह भी बताया कि सीमांत इलाके के खेतों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
- फोटो