भारत-पाक सीमा पर बुधवार देर रात फिर पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया। पंजाब के अमृतसर सेक्टर के अजनाला में घुसे इस ड्रोन की आवाज सुन बीएसएफ जवानों ने गोलियां चलाईं तो यह ड्रोन लौट गया। इसके बाद अमृतसर सेक्टर के अजनाला सीमांत इलाका में तैनात बीएसएफ की 173 बटालियन के जवानों और अधिकारियों ने सर्च अभियान चलाया। देर सायं बीएसएफ को वहां से ड्रोन का एक पर मिला, जिस पर बीएसएफ की फायरिंग से सुराख हो चुका था।
जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान पिछले कुछ समय से ड्रोन के जरिये भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर हथियार और नशीले पदार्थ पहुंचाने की कोशिशें कर रहा है। इसे देखते हुए बीएसएफ ने बॉर्डर पर गश्त बढ़ाई हुई है। बुधवार की रात अजनाला बॉर्डर पर बीएसएफ के जवान गश्त कर रहे थे। मध्यरात्रि करीब 12.30 बजे अचानक ही जवानों ने ड्रोन की आवाज सुनी तो उसी दिशा में फायर कर दिए। जवानों ने इस दौरान 11 राउंड फायर किए, जिसके बाद ड्रोन पाकिस्तान की तरफ लौट गया।
यह भी पढ़ें : कैप्टन-शाह की मुलाकात टली: गृहमंत्री के गुजरात दौरे के कारण आगे बढ़ाई तिथि, किसान आंदोलन पर होनी थी चर्चा
एक दिन पहले ही बीएसएफ ने भारत-पाक सीमा से सटे कस्बे बमियाल के तरनाह नाले से एक पाकिस्तानी किश्ती पकड़ी थी। इसके बाद बीएसएफ और देश की अन्य खुफिया एजेंसियों ने पंजाब में पाकिस्तान से सटे बॉर्डर पर सर्च अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि इस पाकिस्तानी किश्ती पर किसी तरह के कोई निशान तो नहीं मिले, लेकिन इसके जरिये किसी तरह की घुसपैठ की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।