प्रबंधों को सही ढंग से चलाने के लिए की गई नई नियुक्तियां
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास ने प्रबंधन ने कई पदाधिकारियों में बदलाव किया है। डेरा के प्रबंधों को बेहतर बनाने के लिए संगठनात्मक सिस्टम में बदलाव किया गया है।
कामकाज ठीक चलाने के लिए तीन जोन बनाए गए हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने अपने अगले उत्तराधिकारी जसदीप सिंह गिल की घोषणा करने के बाद अब सेवा के लिए संगठनात्मक ढांचे में बदलाव किया है। इसके तहत नए जोनल सचिव और प्रदेश संयोजक के नामों का एलान किया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर जोन नंबर एक पंजाब के प्रभारी डॉ. केडी सिंह, हिमाचल प्रदेश जोन एक के प्रभारी मान सिंह कश्यप, हिमाचल प्रदेश जोन दो के प्रभारी मनचंदा चौहान, जम्मू-कश्मीर के वेद राज अंगुराना को प्रभारी बनाया गया है। उत्तराखंड के सचिन चोपड़ा और हरियाणा में मुकेश तलवार को जिम्मेदारी दी गई है। जोन 2 राजस्थान की जिम्मेदारी सीता राम चोपड़ा, मध्य प्रदेश की मयंक सेठी और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी रवि पटनानी को दी गई है।
जोन नंबर 3 में 9 समन्वयक नियुक्त किए गए हैं, जिनमें पश्चिम बंगाल और सिक्किम से पामल कपूर, महाराष्ट्र एक से अजीतपाल सिंह गबरिया, महाराष्ट्र दो से हितेन सेठी, गुजरात से प्रकाश कुकरेजा, नेपाल से राजेश परुथी, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु से रफीक को तैनात किया गया है। आंध्र प्रदेश में आर शंकर, तेलंगाना में लक्ष्मण टी नानावानी, बिहार, झारखंड, सिक्किम में हरीश मुंजाल को समन्वयक नियुक्त किया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।