संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिला शहरी पुलिस के थाना ए डिवीजन, बी डिवीजन, थाना कंटोनमेंट, सीआईए स्टाफ की ओर से एक ज्वाइंट आप्रेशन चलाकर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के दो साथियों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम हर्षदीप सिंह और गुरुशरनप्रीत सिंह है। यह दोनों ही फरीदकोट जिले के रहने वाले हैं। इन आरोपियों से पुलिस ने चार पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। डीसीपी हरप्रीत सिंह मंडेर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के साथी इलाके में घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी के तहत विभिन्न थानों की पुलिस सहित सीआईए स्टाफ ने मिलकर एक जॉइंट ऑपरेशन चलाया और इन दोनों को गिरफ्तार किया गया। जांच दौरान पता चला कि आरोपी गुरु शरनप्रीत सिंह जोकि मात्र 18 साल का है, वह गोल्डी बराड़ के कहने पर काम कर रहा था और लोगों को धमकियां देकर उनसे वसूली भी करता है।
आरोपी गुरु शरनप्रीत सिंह ने ही हर्षदीप सिंह को गोल्डी बराड़ के साथ बात करके अपने साथ गैंग में शामिल करवाया था और दोनों मिलकर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इन आरोपियों ने ही कुछ दिन पहले मोहाली में एक व्यक्ति की रेकी भी की थी। इससे पहले आरोपियों के साथी धर्मप्रीत सिंह उर्फ धर्मा निवासी फरीदकोट, मंगा सिंह निवासी फरीदकोट, अवतार सिंह उर्फ सुखा निवासी मोगा को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी ने मिलकर अपनी एक गैंग बनाई हुई है और अलग-अलग जिलों में गोल्डी बराड के आदेशों पर लोगों को धमकियां देकर उनसे फिरौती वसूलते हैं। इसके अलावा भी कई तरह की आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। फिलहाल आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और इसे पूछताछ की जा रही है ताकि उनके और भी साथियों को गिरफ्तार किया जा सके।