अमृतसर। जिला के डिप्टी कमिश्नर गुरप्रीत सिंह खैहरा ने रमदास हलका के तीन पटवारियों की रिपोर्ट तलब की है। इन पटवारियों के लगातार अपनी सीटों से गायब रहने की शिकायत लेकर लोग विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला के पास पहुंचे थे। लोगों की मुश्किलें सुनने के बाद विधायक ने इन पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने को लेकर डिप्टी कमिश्नर को फोन किया था। जिसके बाद डीसी ने तहसीलदार से इनकी रिपोर्ट मांग ली।
रमदास गांव के लोगों ने विधायक अजनाला को बताया कि पटवारी हरप्रीत सिंह, जतिंदर और रणजीत सिंह अपनी सीटों पर नहीं मिलते हैं। जब काम के सिलसिले में पटवारी की सीट पर पहुंचते हैं, तो वे अपनी सीटों से गायब होते हैं। इससे उनका समय और पैसे का नुकसान तो होता ही है, उनके जमीनों से जुड़े काम भी नहीं हो पाते। यह सुनते ही विधायक खुद ही रमदास हलका के उक्त तीनों पटवारियों की सीट पर पहुंच गए, तो उन्हें भी पटवारी अपनी सीटों से नदारत ही दिखे।
इस पर विधायक अजनाला ने वहीं से डीसी को फोन किया और तीनों पटवारियों को सस्पेंड करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने तीनों पटवारियों के स्थान पर नए पटवारियों की तैनाती करने की मांग की है। जिससे लोगों के जमीनों से जुड़े लंबित काम हो सके। जिसके बाद डीसी ने हलका के तहसीलदार से तीनों पटवारियों की रिपोर्ट तलब कर ली। हलका के तहसीलदार हरफूल सिंह ने बताया कि डीसी के आदेशों के बाद तीनों पटवारियों की रिपोर्ट डीसी दफ्तर में भेज दी गई है।