अमृतसर में गार्ड ने लुटेरे को गोली मारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
अमृतसर के जंडियाला थानाक्षेत्र के गांव मल्लियां में एक पेट्रोल पंप लूटने पहुंचे युवकों में से एक को पेट्रोल पंप के गार्ड ने गोली मार दी। वारदात रविवार देर रात की है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जंडियाला पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान तरनतारन जिला के खडूर साहिब थानाक्षेत्र के गांव दारापुर निवासी जगदीप सिंह के रूप में बताई गई है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुख्तियार सिंह ने बताया कि वारदात के बाद दूसरा लुटेरा घटना स्थल से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के पास से पिस्तौल बरामद की है।
मनप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि जालंधर-अमृतसर जीटी रोड पर उनका पेट्रोल पंप है। रात को गार्ड हीरा सिंह समेत उनका अन्य स्टाफ भी पंप पर रहता है। रविवार देर रात करीब सवा दस बजे बाइक पर सवार होकर दो युवक स्टाफ के पास पहुंचे। गार्ड उनसे काफी दूरी पर था। एक लुटेरे ने अपने वाहन में पेट्रोल डलवा रहे युवक को पिस्तौल दिखाकर उससे पैसे लूट लिए। जैसे ही आरोपी पिस्तौल लेकर दूसरे ग्राहक के पास लूटने के लिए जाने लगा तो गार्ड ने अपनी राइफल से उसे गोली मार दी। लुटेरा वहीं गिर गया। यह देख बाइक पर सवार दूसरा आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल से पिस्तौल बरामद कर ली है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मारे गए लुटेरे के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती आदि के छह से अधिक मामले दर्ज हैं।