-ऑटो व कार में टक्कर, गुरुद्वारे में माथा टेक लौट रहे पांच लोगों की मौत
-ऑटो में सवार थे सात लोग, मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल
-गुरुद्वारा श्री टाहला साहिब से माथा टेक लौट रहे थे सभी लोग
पंजाब में बड़ा हादसा हुआ है। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा अमृतसर के तरनतारन रोड पर हुआ। यहां एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। मरने वाले एक बच्चा भी शामिल है।
विज्ञापन
तरनतारन रोड पर गुरुद्वारा श्री टाहला साहिब से माथा टेक कर सात लोग ऑटो में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर होने से कार और ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। ऑटो में सवार सभी सात लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। इससे पहले कि मौके पर एकत्रित हुए लोग घायलों को अस्पताल ले जाते, पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एसएसपी देहाती मनिंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हुई है। कार चालक भी बुरी तरह से जख्मी हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।