एसपी कार्यालय में सोमवार को हुई प्रेसवार्ता में एसपी बबलू कुमार ने बताया कि शनिवार की रात करीब दो बजे लुटेरों ने थाना खुटार क्षेत्र के गांव रौंतापुर निवासी चौकीदार आशुतोष मिश्रा को तमंचों के बल पर बंधक बनाकर 24 बैटरियां और दो मोबाइल लूट लिए थे। बदमाश बैटरियों को एक बोलेरो में लादकर ले गए थे। लूट के खुलासे के लिए जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। रविवार की रात सीओ तिलहर विजय शंकर मिश्रा के नेतृत्व में थाना मीरानपुर कटरा पुलिस भनपुरा चौराहा दातागंज रोड पर चेकिंग कर रही थी, तभी एक बोलेरा गाड़ी आती हुई दिखाई दी। पुलिस कर्मियों के रोकने का इशारा करने पर चालक ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके बोलेरो को रोका तो उसमें सवार लुटेरों ने फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पांच लुटरों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर इनके पास से दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा, दो कारतूस, तीन चाकू बरामद हुए। इनके पास से बरामद हुई बोलेरो में आगे पीछे लगी नंबर प्लेट पर अलग-अलग नंबर पाया गया। इनकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने तिलहर-कटरा रोड पर रामसनेही आश्रम के पीछे गन्ने के खेत से लूटी गईं 22 बैटरियां और दो मोबाइल बरामद किए। पकड़े गए लुटेरों में बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव कोडरा मझरा निवासी राजवीर यादव, थाना उसावां क्षेत्र के गांव गौतरा निवासी संजीव कुमार राठौर और आदेश, थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर निवासी सुनील यादव और अन्नू हैं।
गिरोह का सरगना राजवीर पर लूट के कई मुकदमे दर्ज
गिरोह का सरगना राजवीर यादव बेहद शातिर अपराधी है। वह पहले लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र के गांव पिपरिया धनी में एक निजी कंपनी के मोबाइल टॉवर पर काम कर चुका है। इससे वह टॉवर बारीकियों को सीख गया था। चोरी करते समय एक बैट्री को टॉवर से जोड़ देता था। जिससे टॉवर चलता रहता और चोरी का पता तुरंत नहीं लगा पाता है। पकड़ा गया गैंग कई टॉवरों में लूट की घटना को अंजाम दे चुका है। राजवीर पर लूट, चोरी, जानलेवा हमले आदि के शाहजहांपुर, हरदोई, बदायूं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए गैंग के पांचों बदमाश नई उम्र के हैं।