सीआईए स्टाफ और रावलपिंडी पुलिस ने संयुक्त आपरेशन के दौरान गैंगस्टर गुरभेज सिंह भेजा को उसके चार साथियों समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक किलो स्मैक, दो पिस्टल, एक रिवाल्वर, एक राईफल कटी हुई, गोली सिक्का और दो गाड़ियां भी बरामद की गई हैं।
एसएसपी राजिंदर सिंह ने प्रेस को एक बयान जारी कर बताया कि पुलिस पार्टी थाना रावलपिंडी क्षेत्र में टी प्वाइंट के पास चेकिंग कर रहे थे। उन्हें गुप्त सूचना मिली कि गांव भोगपुर के पास पेड़ों की आड़ में कुछ गैंगस्टर हथियारबंद होकर वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहे हैं।
पुलिस ने छापेमारी कर पुलिस हिरासत में भगौड़े गैंगस्टर गुरभेज सिंह उर्फ भेजा पुत्र सविंदर सिंह वासी पत्ती बैनीपाल जिला अमृतसर, नीरज राणा उर्फ राणा पुत्र विजय राणा वासी गुरनाम नगर अमृतसर, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी उर्फ भोलू पुत्र परमजीत सिंह वासी पत्ती गिलां गांव लोपोके, अमृतसर, संदीप सिंह उर्फ सन्नी पुत्र बलविंदर सिंह वासी चढ़दी पत्ती बेगोवाल और निशान सिंह पुत्र जसवीर सिंह वासी सुलतान विंड पती मलकोकी अमृतसर को काबू किया।
इनके पास से एक पिस्तौल व रिवाल्वर 7.65, एक पिस्तौल .315 बोर, एक राइफल कटी हुई, .12 बोर समेत 24 कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों से एक सफारी गाड़ी और एक इयोन कार भी मिली है।
डीएसपी डीडी शर्मा ने बताया कि गुरभेज सिंह खतरनाक अपराधी है और कत्ल केस में पुलिस कर्मचारियों को नशीला पदार्थ पिला कर फरार हो गया था। इस पर पहले कत्ल, इरादा ए कत्ल, दुराचार, लूटपाट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
नीरज राणा को कत्ल केस में उम्रकैद की सजा हुई है और पैरोल पर आने के बाद से फरार है। उसने अमृतसर में एक व्यापारी को घायल कर 25 लाख की लूट की थी। संदीप पर भी कपूरथला और होशियारपुर में लूटपाट, लड़ाई झगड़े, चोरी और नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पेश अदालत किया जाएगा।